धुरकी में यूरिया दुकानों का सीओ ने किया औचक निरीक्षण, अधिक कीमत वसूली पर FIR की चेतावनी

धुरकी (गढ़वा)। किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर यूरिया खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को धुरकी अंचल अधिकारी (सीओ) विमल कुमार सिंह ने प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न लाइसेंसधारी खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानों में उपलब्ध यूरिया का स्टॉक, बिक्री एवं स्टॉक पंजी, रसीद सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। सीओ ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित दर पर ही खाद उपलब्ध कराई जाए।

सीओ विमल कुमार सिंह ने दुकानदारों को खाद की उपलब्धता, निर्धारित मूल्य और स्टॉक की जानकारी दुकान के बाहर सूचना पट्ट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने तथा सभी पंजियों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने, खाद की कृत्रिम कमी पैदा करने, कालाबाजारी करने या रिकॉर्ड में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और किसानों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने कई किसानों से बातचीत कर खाद की उपलब्धता और कीमत के संबंध में जानकारी भी ली। किसानों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि नियमित औचक निरीक्षण से कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। सीओ ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उचित मूल्य पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की निगरानी लगातार जारी रहेगी।