इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने जल संरक्षण का दिया संदेश, वॉटर हार्वेस्टिंग अपनाने का किया आह्वान
इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने जल संरक्षण का दिया संदेश, वॉटर हार्वेस्टिंग अपनाने का किया आह्वान
गिरिडीह, 1 अगस्त। भू-जल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को देखते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने एसोसिएशन अध्यक्ष विनोता हरिस के वॉटर हार्वेस्टिंग लक्ष्य के अंतर्गत लिटिल फ्लावर किंडरगार्डन में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या-सह-प्रबंधक सिस्टर पुष्पा को उनके उत्कृष्ट वॉटर हार्वेस्टिंग कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
सिस्टर पुष्पा ने विद्यालय एवं हॉस्टल की छतों से वर्षा जल संग्रहित कर उसका उपयोग जैविक खेती, फलदार वृक्षों की सिंचाई तथा बतख, मुर्गियों, कबूतर सहित अन्य जीव-जंतुओं के पालन-पोषण में किया है। लगभग 70 वर्ष की आयु में भी उनका यह कार्य पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
क्लब की ओर से उपाध्यक्ष द्वारा सिस्टर पुष्पा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जबकि क्लब अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने स्मृति-चिह्न भेंट किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार और संस्थान अपने घरों एवं परिसरों में वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था अपनाएँ, तो भविष्य में जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक लोगों को वॉटर हार्वेस्टिंग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में एडिटर समा परवीन, आईएसओ नमिता जम्वार, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य मनीषा कपीस्वे तथा सदस्य सुमन गुप्ता सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

