3 नवंबर को गिरिडीह में भाजपा का कार्यक्रम, सुरेश साव ने ग्रामीणों से की जुटने की अपील
लोकतंत्र की रक्षा के लिए तीन नवंबर को जुटें : सुरेश साव
3 नवंबर को गिरिडीह के झंडा मैदान में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाजपा नेता सुरेश साव ने रविवार को जनसंपर्क अभियान चलाया. इस क्रम में उन्होंने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मध्य मंडल अंतर्गत बदडीहा, सिकदारडीह और गांधी नगर में भाजपा कार्यकर्ता नकुल तुरी, सोभिया देवी, मनोज तुरी के नेतृत्व में ग्रामीणों के साथ बैठक कर ग्रामीणों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुरेश साव ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार नौजवानों, किसानों और महिलाओं को ठगने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सभी वर्गों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, झामुमो और राजद जनता को गुमराह कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अराजकता और अव्यवस्था का माहौल बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है. ऐसे में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लोगों को आगे आना चाहिए. उन्होंने ग्रामीणों से तीन नवंबर को झंडा मैदान पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

