बगोदर में मवेशियों से भरा मिनी ट्रक जब्त, 16 पशु बरामद; चालक हिरासत में
बगोदर में मवेशियों से भरा मिनी ट्रक जब्त, 16 पशु बरामद; चालक हिरासत में
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीटी रोड स्थित औरा के पास मवेशियों से लदे एक मिनी ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक से 16 मवेशी बरामद किए, जिन्हें सुरक्षित हजारीबाग गौशाला भेज दिया गया। वहीं, ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया था।
जांच के दौरान चालक मवेशियों के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए ट्रक और मवेशियों को जब्त कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को बिहार से पश्चिम बंगाल किस उद्देश्य से और किन लोगों के निर्देश पर ले जाया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

