JPSC-JSSC अनियमितताओं के खिलाफ ABVP का हस्ताक्षर अभियान, निष्पक्ष जांच की मांग

JPSC-JSSC अनियमितताओं के खिलाफ ABVP का हस्ताक्षर अभियान, निष्पक्ष जांच की मांग

गिरिडीह में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की नगर इकाई ने झारखंड में JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में श्री आर.के. महिला महाविद्यालय परिसर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की। छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अभाविप के विभाग संयोजक विजय ओझा ने कहा कि यदि जल्द ही इन मामलों में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद व्यापक आंदोलन करेगी। वहीं, जिला संयोजक नीरज चौधरी ने राज्य सरकार से JPSC एवं JSSC से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके। इस दौरान SFS सह संयोजक अनीश रॉय, बिपुल राय, प्रिंस सिंह, सुमन कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।