+2 जिला स्कूल अजीडीह में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी का गठन, पिंकी देवी बनीं अध्यक्ष

+2 जिला स्कूल अजीडीह में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी का गठन, पिंकी देवी बनीं अध्यक्ष, उपेंद्र उपाध्याय उपाध्यक्ष; गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर रहेगा फोकस

गिरिडीह, 28 जुलाई। भारत सरकार के निर्देश एवं झारखंड सरकार की विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) गाइडलाइंस-2026 के तहत मंगलवार को +2 जिला स्कूल अजीडीह में 25 सदस्यीय स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) का गठन किया गया। सर्वसम्मति से पिंकी देवी को समिति का अध्यक्ष तथा उपेंद्र उपाध्याय को उपाध्यक्ष चुना गया। यह समिति आगामी दो वर्षों तक विद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करेगी।

समिति गठन की प्रक्रिया में पोषक क्षेत्र के विभिन्न गांवों और पंचायतों से आए अभिभावकों ने भाग लिया। चुनाव गाइडलाइंस एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर विकास मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार के प्रतिनिधि कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विकेंद्रीकृत शासन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह समिति विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत समन्वय स्थापित कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा निर्णय प्रक्रिया में जनभागीदारी सुनिश्चित करती है।

उन्होंने नवगठित समिति से विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, क्षेत्र के सभी बच्चों का नामांकन कराने, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर निगरानी रखने तथा प्रत्येक घंटी में कक्षाएं संचालित होने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार गिरिडीह को शिक्षा का हब बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम के पर्यवेक्षक बिनोद कुमार सिंह ने अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों की पढ़ाई और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।

विद्यालय के प्राचार्य डेगन रविदास ने विधायक प्रतिनिधि कृष्ण मुरारी शर्मा का बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय के समग्र विकास, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा छात्रों के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पदेन सचिव के रूप में प्राचार्य डेगन रविदास समिति के कार्यों का संचालन करेंगे।

समिति में ब्लू देवी, छोटी वर्मा, मालती देवी, आशा देवी, सत्यनारायण वर्मा, दिलीप शर्मा, रोहित कुमार चौबे, वीणा देवी, रेखा देवी, हीरामुनी बास्के, छोटेलाल मुर्मू, सोनालाल टुडू, बिंदु कुमारी, कविता देवी, सुरेश दास, पिताम्बर साव एवं शैम्पू देवी सहित अन्य सदस्यों को सर्वसम्मति से चुना गया। इसके अलावा उप प्रमुख सौरभ कुमार, वीणा एक्का एवं मनोज कुमार स्वर्णकार को भी समिति का सदस्य बनाया गया।

इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि नरेश यादव, दिलीप उपाध्याय, संतोष प्रजापति, दीपक पंडित, पूर्व अध्यक्ष शेखर शर्मा, मुकेश कुमार, शिक्षिका वंदना कुमारी, पप्पू कुमार चौधरी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

You may have missed