गिरिडीह में गहराया पेयजल संकट, सिविल सोसाइटी ने नगर आयुक्त व महापौर को सौंपा ज्ञापन

गिरिडीह में गहराया पेयजल संकट ,सिविल सोसाइटी ने नगर आयुक्त और महापौर को सौंपा ज्ञापन; दूषित पानी व अनियमित जलापूर्ति पर जताई चिंता

गिरिडीह,। नगर निगम क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट, दूषित जलापूर्ति और अनियमित जल वितरण को लेकर सिविल सोसाइटी गिरिडीह ने मंगलवार को नगर आयुक्त एवं महापौर से शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति आम नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।

सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि लोगों को गुणवत्ताहीन एवं अशुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। दूषित पानी के कारण जलजनित बीमारियों की आशंका बढ़ गई है, जिससे आमजन में चिंता का माहौल है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ज्ञापन में विशेष रूप से वार्ड संख्या 18, 29, 31 और 32 सहित कई इलाकों में पिछले कई महीनों से नियमित जलापूर्ति बाधित रहने का मुद्दा उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कहीं बहुत कम मात्रा में पानी पहुंच रहा है तो कहीं कई दिनों तक जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहती है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सिविल सोसाइटी ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि पेयजल की गुणवत्ता की तत्काल वैज्ञानिक जांच कराई जाए, जल शुद्धीकरण एवं फिल्ट्रेशन प्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए तथा जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित है वहां शीघ्र नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति बहाल की जाए। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी और नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की भी मांग की गई।

नगर आयुक्त एवं महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर सिविल सोसाइटी गिरिडीह के प्रतिनिधिमंडल में शंकर पांडे, सुनील खंडेलवाल, मोहम्मद तारीक, लखन लाल, कृष्ण कुमार, सुधीर अग्रवाल एवं विशाल कुमार उपस्थित थे। पेयजल की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल को लेकर विभिन्न स्तरों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।