उन्नति पहिया योजना के तहत 70 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण

उन्नति पहिया योजना के तहत 70 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण
केतार। प्रखंड के मुकुंदपुर पंचायत अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, ताली में झारखंड सरकार की उन्नति पहिया योजना के तहत 70 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायत मुखिया मुंगा साह ने विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुखिया मुंगा साह ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जोड़कर रखना तथा दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगे।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज दास ने कहा कि सरकार की इस पहल से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ेगा और उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने तथा मन लगाकर अध्ययन करने की अपील की।
साइकिल वितरण के बाद छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनेश साह, सहायक शिक्षक सतीश चौबे, भीम साह, दशरथ तिवारी सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अभिभावी उपस्थित थे।