लातेहार में PVTG डाकिया योजना पर घोटाले का आरोप, मृत महिला के नाम पर उठ रहा राशन

लातेहार में PVTG डाकिया योजना में बड़ा घोटाला; मृत महिला के नाम पर उठ रहा राशन, पात्र बिरजिया परिवार राशन कार्ड से वंचित — विजेंद्र दास
लातेहार। आजसू पार्टी के जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र दास ने लातेहार जिला प्रशासन का ध्यान गारू प्रखंड अंतर्गत कारवाई पंचायत के गोइंदी गांव स्थित पोड़ो पानी बिरजिया टोला में पीवीटीजी (PVTG) डाकिया योजना में हो रही गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की ओर आकृष्ट कराया है। इस संबंध में आजसू पार्टी द्वारा उपायुक्त (DC) लातेहार को एक औपचारिक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा गया है।विजेंद्र दास ने बताया कि गोइंदी गांव के पोड़ो पानी बिरजिया टोला की निवासी दिवंगत जीतनी देवी (पति: स्वर्गीय गिलारा बिरजिया) का लगभग एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। इसके बावजूद सरकारी कागजों में उनका नाम बदस्तूर दर्ज है और उनके राशन कार्ड संख्या (202002833807) के माध्यम से हर माह अवैध रूप से राशन का उठाव किया जा रहा है। यह सीधे तौर पर गरीबों के हक पर डाका और विभागीय मिलीभगत का एक अत्यंत गंभीर मामला है।
“एक तरफ मृत महिला के नाम पर माफिया और बिचौलिए हर महीने सरकारी राशन डकार रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उसी टोले के पात्र और अत्यंत गरीब बिरजिया परिवार दाने-दाने को मोहताज हैं। यह प्रशासनिक लापरवाही की पराकाष्ठा है। विजेंद्र दास, जिला उपाध्यक्ष, आजसू पार्टी लातेहार
उन्होंने कहा कि उसी टोले के अत्यंत जरूरतमंद परिवार जैसे संगीता देवी (पति: संजय बिरजिया), कुसुमलता देवी (पति: सतनु बिरजिया) एवं मोनू बिरजिया का आज तक राशन कार्ड नहीं बनाया गया है। राशन कार्ड के अभाव में ये अत्यंत संवेदनशील जनजाति (PVTG) परिवार खाद्यान्न सहित अन्य सभी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से पूरी तरह वंचित हैं। इसके अलावा टोले में दर्जनों बच्चों का आधार कार्ड तक नहीं बना है।
आजसू पार्टी की प्रमुख माँगें:
उच्चस्तरीय जाँच: मृतका जीतनी देवी के नाम पर फर्जी राशन उठाव मामले की तत्काल उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दोषियों पर कार्रवाई: जांच में फर्जीवाड़ा साबित होने पर संबंधित दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। परिजनों का नाम जोड़ना: मृत लाभुक के पात्र परिजनों का नाम राशन कार्ड में तत्काल जोड़ा जाए।
शीघ्र राशन कार्ड निर्गत करना: संगीता देवी, कुसुमलता देवी एवं मोनू बिरजिया सहित टोले के सभी पात्र पीवीटीजी परिवारों का तत्काल राशन कार्ड बनाकर नियमित राशन उपलब्ध कराया जाए।पूर्ण सत्यापन: पूरे गारू प्रखंड में पीवीटीजी लाभुकों की सूची का भौतिक सत्यापन कर ऐसे अन्य सभी मामलों की जांच की जाए।आधार कार्ड शिविर: पोड़ो पानी बिरजिया टोला के दर्जनों बच्चों का अविलंब आधार कार्ड बनाकर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। आजसू पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि जनहित, पारदर्शिता और आदिम जनजाति परिवारों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

रिपोर्ट अर्चना कुमारी।