मेराल में बिजली तार चोरों का आतंक, कई पोल से तार गायब, किसानों की बढ़ी परेशानी
मेराल थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने शुक्रवार को देर रात हासनदाग गांव के केवाल टोला में जुड़वानिया नाला ट्रांसफर से ढोड़वाही नाला तक बिजली पोल से विद्युत तार चोरी कर लिया, जिससे इस इलाके के लोगों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मुखिया दुखन चौधरी ने लिखित आवेदन के माध्यम से बिजली विभाग को सूचना दी।
बताया जाता है कि चोरों ने सुनसान स्थान का फायदा उठाते हुए छ कुप से कई बिजली पोलों से तार काटकर अपने साथ ले गए। सुबह जब ग्रामीणों ने देखा कि पोलों से तार गायब हैं तो इसकी सूचना लिखित में संबंधित अधिकारियों को दी गई। तार चोरी होने के कारण कई किसानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, चल रहे धन रोपनी का कार्य बंद करना पड़ रहा है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी बिजली तार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

