पांकी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
पांकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांकी थाना की पुलिस ने ग्राम तेतराई से एक युवक को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पांकी थाना पुलिस को ग्राम तेतराई इलाके में किसी आपराधिक गतिविधि की आशंका और अवैध हथियार होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में एक युवक को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान मो. अरमान आलम (20 वर्ष), पिता मो. मसीह, निवासी ग्राम तेतराई (थाना पांकी, जिला पलामू) के रूप में हुई है।
हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस मामले को लेकर पांकी थाने में संबंधित धाराओं (आर्म्स एक्ट) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


