गिरिडीह में पानी उछालने पर विवाद, महिला से मारपीट और युवती को कार में बैठाने की कोशिश का आरोप

गिरिडीह। शहर के भंडारीडीह में सड़क पर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक और तनावपूर्ण स्थिति में तब्दील हो गई। आरोप है कि तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने सड़क के गड्ढे का पानी उछालते हुए गुजरने पर एक महिला और उसके दोनों बच्चे भीग गए। विरोध करने पर कार सवार लोगों ने परिवार के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। परिजनों का कहना है कि भीड़-भाड़ और अफरातफरी के बीच युवती को जबरन कार में बैठाने की कोशिश भी की गई, जिसे स्थानीय लोगों की तत्परता से करके नाकाम कर दिया।
दी गई जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने बेटे और बेटी के साथ सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार गड्ढे का पानी उछालते हुए निकली, जिससे महिला और उनके दोनों बच्चे भीग गए। इसका विरोध करने पर कार से कुछ लोग कार से नीचे उतरे और महिला के बेटे के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। परिजनों का आरोप है कि जब महिला और उनकी बेटी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। इसी दौरान युवती को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले और युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।