गिरिडीह में झामुमो का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन
गिरिडीह। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-2026 के पेपर लीक मामले में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और बर्बर कार्रवाई के विरोध में आज गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने टावर चौक पर जोरदार प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की तथा उनका पुतला फूंका। पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकाल कर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के विरोध में भारी आक्रोश व्यक्त किया।
इस दौरान झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026), सीबीएसई मार्किंग में कथित अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और कथित बर्बरता लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
झामुमो नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन पर पुलिस बल का प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
मौके पर जिला अध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमीला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, कृष्ण मुरारी शर्मा, प्रणव वर्मा, पूर्व विधायक केदार हाजरा, रॉकी सिंह, दारा हाजरा, मदनलाल विश्वकर्मा, अजीत सिंह पप्पू, सैफ अली गुड्डू, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता, कार्यकर्ता एवं दर्जनों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

