एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में 23 एवं 24 जुलाई को होगा डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव

एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल में 23 एवं 24 जुलाई को होगा डीएवी क्लस्टर स्तरीय खेल महोत्सव
मेदिनीनगर/डाल्टनगंज।
एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, चियांकी, मेदिनीनगर में 23 एवं 24 जुलाई 2026 को डीएवी स्पोर्ट्स–2026 (क्लस्टर लेवल, क्लस्टर-III) का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में क्लस्टर-III के अंतर्गत आने वाले एम.के. डी.ए.वी. डाल्टनगंज, डीएवी हेहल, डीएवी हजारीबाग, डीएवी भवनाथपुर, डीएवी गढ़वा एवं डीएवी लोहरदगा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता में जूडो, वुशु, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कराटे, कुश्ती एवं भारोत्तोलन (वेटलिफ्टिंग) जैसी विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में सैकड़ों खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल पदाधिकारी भाग लेंगे। विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं तथा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती इंद्राणी चटर्जी ने कहा कि “खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। एम.के. डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल के लिए यह गौरव की बात है कि उसे डीएवी स्पोर्ट्स–2026 के क्लस्टर स्तरीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। हमें विश्वास है कि सभी प्रतिभागी खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे तथा यह आयोजन सभी के लिए यादगार रहेगा।”
विद्यालय परिवार ने सभी सहभागी विद्यालयों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों का हार्दिक स्वागत करते हुए सफल एवं निष्पक्ष प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।