उपायुक्त ने की खाद-बीज के थोक विक्रेता दुकानदारों के साथ बैठक, दिए गयें आवश्यक निर्देश

उपायुक्त ने की खाद-बीज के थोक विक्रेता दुकानदारों के साथ बैठक, दिए गयें आवश्यक निर्देश

🔹यूरिया खाद की बिक्री सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर करें- उपायुक्त

🔹यूरिया खाद की कालाबाजारी व अनियमितता को रोकने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी व जिला कृषि पदाधिकारी को कार्रवाई करने का दिया निर्देश

🔹यूरिया की आपूर्ति व बिक्री पर प्रशासन की सख्त नजर, किसानों को मिलेगी सहूलियत- उपायुक्त

गढ़वा :–धान की फसल में खाद डालने के हेतु यूरिया खाद की बढ़ती माँग को देखते हुए जिले में इसकी कालाबाजारी को रोकने व इसके अंतर्गत व्याप्त समस्याओं के निराकरण हेतु उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के सभी यूरिया खाद के थोक विक्रेता दुकानदारों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यूरिया खाद का अधिकतम खुदरा मूल्य प्रति पैकेट निर्धारित है, लेकिन जिले के कई दुकानदार इससे अधिक दर पर बिक्री कर रहे हैं, जो गंभीर मामला है।

उपायुक्त ने निर्देशित किया कि यूरिया के सभी थोक दुकानदार यूरिया खाद की बिक्री खुदरा दुकानदारों से सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही करें। साथ ही उन्होंने कहा कि दुकानदार अपने स्टॉक एवं दर सूची को दुकान के बाहर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। जो विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचेंगे या अनुचित तरीके से बिक्री करेंगे, उनकी अनुज्ञप्ति रद्द करने तथा प्राथमिकी दर्ज़ करने की कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि खाद-बीज के थोक विक्रेता दुकानदार यूरिया खाद की बिक्री सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर सुनिश्चित करें। उन्होंने इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान को लगातार नजरें बनाये रखने का निदेश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार मयंक भूषण व अन्य संबंधित जाँच अधिकारियों को थोक व खुदरा दुकानदारों का औचक निरीक्षण कर गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि कालाबाजारी व अनियमितता पर रोक लग सके एवं कृषकों को सहूलियत मिल सके।

उपायुक्त श्री मिश्रा ने बताया कि गढ़वा जिला में यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जिले के सभी खाद-बीज दुकानों पर भरपूर मात्रा में यूरिया उपलब्ध करा दिया जाएगा, जहां से किसान निर्धारित उचित मूल्य पर आसानी से यूरिया प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी दुकानदार से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया न खरीदें।

साथ ही जिले के सभी पैक्स, लैंप्स, सहकारी समिति एवं अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे उपलब्ध यूरिया केवल निर्धारित दर पर ही किसानों को उपलब्ध कराएं। अधिक मूल्य वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदार का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया जाएगा एवं संबंधितों के विरुद्ध FIR की भी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।

उक्त बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा कुमार मयंक भूषण, जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान एवं गढ़वा जिला अंतर्गत यूरिया खाद के थोक विक्रेता दुकानदार आदि उपस्थित थें।