पलामू DC का आवासीय बालिका विद्यालयों में औचक निरीक्षण, छात्राओं की समस्याएं सुन दिए निर्देश
चैनपुर स्थित आवासीय बालिका विद्यालयों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, छात्राओं की समस्याएं सुनकर दिए आवश्यक निर्देश
मेदिनीनगर (पलामू): पलामू के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को चैनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दोनों विद्यालयों की वार्डन से छात्राओं की उपस्थिति की जानकारी ली तथा भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में उपायुक्त ने कक्षा 9 की छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। छात्राओं ने कक्षा में माइक खराब होने तथा एक ही कक्षा में 70 से अधिक छात्राओं के अध्ययन से होने वाली कठिनाइयों की जानकारी देते हुए सेक्शनवार कक्षाएं संचालित करने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को माइक की शीघ्र मरम्मत कराने एवं छात्राओं की संख्या के अनुरूप आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त ने राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर अध्ययन वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को छात्राओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी,सदर अनुमंडल पदाधिकारी,समेत अन्य उपस्थित रहे।


