गिरिडीह में 22 जुलाई को BLO-BLA-2 बैठक, मतदाता सूची होगी त्रुटिरहित
गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग व मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR‑2026) के तहत 22 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होने वाली BLO‑BLA‑2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला के आयोजन को लेकर आज उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। स्मृता ने बताया कि 22 जुलाई की बैठक में प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF सूची BLA‑2 को साझा कर सत्यापन कर अंतिम रूप दिया जाएगा। ASDDF सूची में डुप्लीकेट, मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित/पता न चलने वाले तथा संदिग्ध मतदाताओं की समीक्षा की जाएगी ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध व त्रुटिरहित बनी रहे।
बैठक में प्रपत्र‑6, 6A, 7 व 8 की अब तक प्राप्त प्रविष्टियों की समीक्षा करने तथा 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरा करने वाले पात्र नागरिकों को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पर चर्चा करने का निर्णय लिया गया। यह भी सुनिश्चित होगा कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाता एक ही मतदान केंद्र से जुड़े हों। उप विकास आयुक्त ने राजनीतिक दलों से कहा कि वे अपने‑अपने BLA‑2 समय पर उपस्थित कराएँ, BLO से समन्वय कर प्रत्येक बिंदु का सूक्ष्म परीक्षण करें और जिन मतदाताओं से प्रपत्र नहीं मिले हैं उनसे तत्काल संपर्क कर सहयोग दें। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन शाखा के अधिकारी‑कर्मी उपस्थित थे।

