गिरिडीह में NSUI का हस्ताक्षर अभियान, कथित NEET पेपर लीक पर छात्रों का विरोध
गिरिडीह। राष्ट्रीय छात्र संघ एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष विनीत भास्कर के नेतृत्व में आज आर.के. महिला कॉलेज के बाहर कथित NEET पेपर लीक प्रकरण के विरोध में “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अभियान में भाग लिया और अपना समर्थन दर्ज कराया।
कार्यक्रम के दौरान विनीत भास्कर ने कहा कि कथित पेपर लीक ने देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है और इससे उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण अब तक 21 छात्रों ने आत्मह,त्या कर ली हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस मामले में छात्रों के प्रति कोई जवाबदेही नहीं दिखाई है और इसे लेकर एनएसयूआई पूरे देश में छात्रों की आवाज सरकार तक पहुँचाने का प्रयास कर रही है।
विनीत भास्कर ने आगे कहा कि एनएसयूआई छात्रों के अधिकार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और शिक्षा में जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए लगातार संघर्ष करेगी। कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष चांद राशिद, एनएसयूआई के जिला सचिव कुणाल शेखर, मोनू, नीरज सिंह, सोनू सिंह, मेहक, खुशबू, रिया कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।

