ABVP स्थापना दिवस पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता, मधुबन स्ट्राइकर ने जीती ट्रॉफी

गिरिडीह। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पीरटांड़ प्रखंड इकाई ने संगठन के 78वें स्थापना दिवस व राष्ट्र विद्यार्थी दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला मधुबन स्ट्राइकर और यंग स्टार क्लब के बीच खेला गया, जिसमें मधुबन स्ट्राइकर ने जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
कार्यक्रम में मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार, समाजसेवी भारत साहू तथा अभाविप प्रदेश SFS सह संयोजक अनीश राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। फ़ाइनल मैच और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान वक्ताओं ने अभाविप की सक्रियता और युवाओं के विकास पर जोर दिया।
थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही समाज हित, राष्ट्र हित एवं विद्यार्थी हित में सक्रिय रूप से काम कर रही है। भारत साहू ने कहा कि अभाविप आज 78 वर्ष का हो गया है तथा संगठन ने लगातार सकारात्मक कार्य किए हैं। अनीश राय ने बताया कि अभाविप पूरे देश में “Screen Time to Activity Time” अभियान चला रहा है और परिषद का यह मानना है कि जब तक युवा खेलों से जुड़ेंगे नहीं, तब तक उनकी शारीरिक दक्षता और मानसिक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होगी।
प्रतियोगिता के समापन पर विजयी टीम मधुबन स्ट्राइकर को ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में और खेल कार्यक्रमों का आयोजन जारी रखने का आश्वासन दिया।