गिरिडीह में 32 जंगली हाथियों की एंट्री, कई गांवों में हाई अलर्ट
गिरिडीह। धनबाद के नेमोरी क्षेत्र से आए लगभग 32 जंगली हाथियों का झुंड आज रविवार की शाम गिरिडीह वन क्षेत्र के पीरटांड़ थाना अंतर्गत बारापहाड़ी गांव में प्रवेश कर गया। वन विभाग की टीम ने बताया कि हाथियों के बारापहाड़ी, बरवाडीह, महेशलिट्टी, दर्दमारा, अंगिया, खेताडाबर, तिलैया और सिमरकोढ़ी समेत आसपास के इलाकों में देखे जाने की जानकारी मिली है। स्थानीय प्रशासन और वन विभाग ने जल्द ही रेस्क्यू और ड्राइव अभियान शुरू कर दिया है ताकि झुंड को सुरक्षित तरीके से पुनः वन क्षेत्र की ओर लौटाया जा सके। हालांकि वर्षा के कारण अभियान प्रभावित हो सकता है, इसलिए अधिकारियों ने ग्रामीणों से अत्यधिक सावधानी बरतने का आग्रह किया है। अधिकारियों ने रात में अनावश्यक घर से बाहर निकलने से मना किया है और हाथियों के पास जाकर उन्हें देखने, फोटो/वीडियो बनाने या तेज आवाज व पटाखे फोड़ने से बचने को कहा है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने, भीड़ न लगाने और किसी भी हतशील गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं।

