खटिया पर बैठे डीसी, ग्रामीणों से संवाद कर SIR-2026 अभियान का लिया जायजा

खटिया पर बैठकर ग्रामीणों से रूबरू हुए डीसी रामनिवास यादव, डोर-टू-डोर निरीक्षण कर बोले— SIR-2026 में कोई भी पात्र मतदाता न छूटे

गिरिडीह, 4 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के प्रभावी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को 31-गांडेय विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच खटिया पर बैठकर आत्मीय संवाद किया और घर-घर चल रहे मतदाता सत्यापन अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण एवं संग्रहण, मतदाताओं से प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, ऑनलाइन डिजिटाइजेशन तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए अभियान के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, शुद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन तय मानकों के अनुरूप शीघ्र किया जाए।

उन्होंने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घर तक पहुंच बनाकर सभी पात्र मतदाताओं का गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरवाना सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने नहीं पाए तथा आवश्यक दस्तावेजों का सही तरीके से सत्यापन कर समय पर पोर्टल पर प्रविष्टि की जाए।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित एईआरओ, ईआरओ एवं अन्य वरीय अधिकारियों को भी नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, अभियान की सतत निगरानी रखने, प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करें।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि समय पर अपना गणना प्रपत्र भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके। उन्होंने दोहराया कि “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं, प्रत्येक पात्र मतदाता जुड़े—यही SIR-2026 अभियान का उद्देश्य है।”