मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह
मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
गिरिडीह, 03 जुलाई 2026।
विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के निर्देशानुसार एवं युवाओं के बीच मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई, गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह द्वारा दिनांक 03 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में “मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एन. सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य, परिवार और समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का विकास है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. डी. के. वर्मा ने कहा कि मादक द्रव्यों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है तथा सामाजिक विघटन का कारण बनता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को जन-जागरूकता अभियान चलाकर समाज में नशे के प्रति चेतना फैलाने का आह्वान किया।
डॉ. बलभद्र सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, साहित्य एवं सामाजिक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में प्रो. बालेन्दु शेखर त्रिपाठी, प्रो. सतीश कुमार यादव, प्रो. श्वेता कुमारी, प्रो. विनीता कुमारी एवं प्रो. आशा कुमारी रजवार ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा समाज में नशा उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, NSS एवं NCC के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

