हूल दिवस पर झामुमो ने फूलो-झानो सहित वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
गिरिडीह। हूल दिवस के अवसर पर बस स्टैंड रोड स्थित झामुमो जिला कार्यालय में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हूल आंदोलन के अमर बलिदानियों, विशेषकर वीर शहीद फूलो-झानो को माल्यार्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने अपने संबोधन में हूल आंदोलन के शहीदों के अद्वितीय साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी प्रेरणा स्त्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शहीदों के मार्ग पर चलते हुए जनहित और सामाजिक न्याय के लिए अग्रसर रहें। महापौर प्रमिला मेहरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि हूल आंदोलन ने क्षेत्र के लोगों को स्वाभिमान व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में झामुमो के कई नेता, कार्यकर्ताओं और छात्र मोर्चा के नेताओं ने हूल के स्मरण में भावपूर्ण वक्तव्य दिए और उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को “हूल जोहार” की शुभकामनाएं दीं। माल्यार्पण के पश्चात़ उपस्थित झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों के प्रति एक मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

