पांकी के अहीर गुरहा में चेकडैम निर्माण में धांधली, अवैध पत्थर एवं घाटिया सामग्री के इस्तेमाल से ग्रामीणों में आक्रोश
पांकी के अहीर गुरहा में चेकडैम निर्माण में धांधली, अवैध पत्थर एवं घाटिया सामग्री के इस्तेमाल से ग्रामीणों में आक्रोश
पांकी
पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत ग्राम अहीर गुरहा में चिलमिलिया नाला पर बन रहे चेकडैम के निर्माण कार्य में घोर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सरकारी मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि चेकडैम की मजबूती के बजाय इसमें घटिया स्तर के अवैध पत्थरों और बालू का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण कार्य में जिस प्रकार के पत्थरों का प्रयोग हो रहा है, वे पास के ही जंगलों से लाए गए अनुपयुक्त पत्थर हैं, जो बांध की संरचना को कमजोर बना सकते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कार्यपालक संस्था (लघु सिंचाई प्रमंडल, मेदिनीनगर) की देखरेख में चल रहे इस निर्माण कार्य में निगरानी का भारी अभाव है, जिसके कारण ठेकेदार अपनी मनमानी पर उतारू हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं मौके पर मौजूद निर्माण कार्य का देखरेख कर रहे मुंशी राम अवतार उरांव ने जीरो चंदवार एवं खबरमंडा क्षेत्र से ट्रैक्टर से पत्थर आने की पुष्टि करते हुए यह भी कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नाले में गड्ढा खोदने से जो बालू निकला था उसी से कार्य किया जा रहा है।
वही इस संबंध में विभाग के जेई आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिली है, मौके पर मौजूद घटिया पत्थर एवं घटिया सामग्री का उपयोग चेक डैम के निर्माण कार्य में नहीं करने की हिदायत उनके द्वारा दी गई थी, मामले की जांच कर अधिकारियों को उसकी जानकारी साझा की जाएगी।


