गहन विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू,उपायुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
गहन विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू,उपायुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत मंगलवार से गणना चरण (एन्यूमरेशन फेज) की शुरुआत हो गई। इसके तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण एवं संग्रहण करेंगे।अभियान के प्रथम दिन मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू क्लब, मदरसा अलहेदाया कुंड मोहल्ला एवं मेदिनीनगर नगर निगम के पुराने भवन में अवस्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयोजित चुनाव पाठशालाओं में शामिल होकर उन्होंने मतदाताओं एवं संबंधित कर्मियों से संवाद भी किया।चुनाव पाठशालाओं में बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं को विशेष पुनरीक्षण अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा मतदाता सूची के अद्यतन से संबंधित जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है।उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा एन्यूमरेशन फॉर्म सही तरीके से भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम,उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक समेत अन्य उपस्थित रहे।


