कस्तूरबा विद्यालय का औचक निरीक्षण, बीडीओ ने परखी व्यवस्थाएं

कस्तूरबा विद्यालय का औचक निरीक्षण, बीडीओ ने परखी व्यवस्थाएं

छात्राओं से की सीधी बातचीत, स्वच्छता, सुरक्षा व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

कांडी (गढ़वा): प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कांडी का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक, आवासीय एवं आधारभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ ने विद्यालय के कक्षा-कक्ष, छात्रावास, रसोईघर, भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बाथरूम, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, छात्राओं की सुरक्षा और नियमित स्वास्थ्य जांच को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि छात्राओं को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध पेयजल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि विद्यालय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी कमी की सूचना मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रविन्द्र कुमार मेहता एवं विद्यालय की वार्डेन आर. ऊषा कुमारी ने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं आवासीय गतिविधियों की जानकारी बीडीओ को दी।
निरीक्षण के बाद बीडीओ राकेश सहाय ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्ग की बालिकाओं को सुरक्षित माहौल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए विद्यालय की सभी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर और व्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को नियमित निगरानी करते हुए हर व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।