बराहमोरिया में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 4000 किलो जावा महुआ नष्ट, 300 लीटर शराब जब्त
बराहमोरिया में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 4000 किलो जावा महुआ नष्ट, 300 लीटर शराब जब्त
गिरिडीह, उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर गिरिडीह जिले में अवैध शराब निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को उत्पाद अधीक्षक शिवकुमार साहू के नेतृत्व में उत्पाद विभाग और मुफ्फसिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। बराहमोरिया गांव में हुई छापेमारी के दौरान लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ और 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि तैयार शराब को जब्त कर लिया गया।
यह कार्रवाई 24 जून को हुई पूर्व छापेमारी के फॉलो-अप अभियान के तहत की गई। संयुक्त टीम ने गांव के विभिन्न घरों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए।
उत्पाद विभाग ने फरार आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए नियमित छापेमारी की जाएगी।
जब्त सामग्री:
लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ (मौके पर नष्ट)
लगभग 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब (जब्त)
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम एवं पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। अभियान में पुलिस सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, राधेश्याम झा, पुलिस बल एवं गृह रक्षक बल के जवान भी शामिल रहे।

