गिरिडीह के नए नगर आयुक्त बने बिजय सिंह बिरुआ, शहर के लिए बताईं बड़ी प्राथमिकताएं

गिरिडीह के नए नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। नगर आयुक्त का पद लंबित रहने के कारण उन्होंने स्वतः जिम्मा संभाला। इस अवसर पर निवर्तमान उप नगर आयुक्त प्रशान्त कुमार लायक ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित कुमार तथा नगर निगम के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों ने नए आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बिरुआ ने कहा कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करेंगे और प्राथमिकता शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने तथा नागरिक सुविधाओं के सुधार को देंगे। श्री बिरुआ इससे पहले गिरिडीह में दो वर्षों तक अपर समाहर्ता के पद पर सेवा दे चुके हैं। वहीं, उप नगर आयुक्त प्रशान्त लायक को भावभीनी विदाई दी गई और उनके कार्यों की सराहना की गई।