मंडल डैम, फोरलेन टोल, बेरोजगारी और महंगाई पर सांसद से मांगा जवाब

मंडल डैम, फोरलेन टोल, बेरोजगारी और महंगाई पर सांसद से मांगा जवाब
-कांग्रेस नेता बिट्टू पाठक ने केंद्र सरकार के 12 साल के दावों पर उठाए सवाल
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सह झारखंड कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर पलामू सांसद के दावों पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को मेदिनीनगर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर तस्वीर अलग है। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार का 12 वर्षों का कार्यकाल इतना विकासोन्मुखी रहा है तो देश और पलामू की जनता आज भी बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याओं से क्यों जूझ रही है। केवल आंकड़ों और विज्ञापनों के जरिए विकास का माहौल बनाने से वास्तविक समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।
जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने मंडल डैम परियोजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिलान्यास के वर्षों बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने पलामू सांसद से परियोजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की। कहा कि इसके पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और कृषि क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने मेदिनीनगर-रांची फोरलेन पर टोल वसूली का मुद्दा भी उठाया। कहा कि शहर और आसपास के लोग महज चार किलोमीटर फोरलेन सड़क का उपयोग करने के बावजूद टोल टैक्स देने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों को टोल से राहत दिलाने की मांग लंबे समय से उठ रही है, लेकिन सांसद इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर सके। जनता जानना चाहती है कि इस समस्या के समाधान के लिए अब तक क्या प्रयास किए गए हैं।
जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक ने नीट परीक्षा से जुड़े विवादों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता को लेकर युवाओं में गंभीर चिंता है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को रेलवे टिकट में मिलने वाली छूट बंद किए जाने के फैसले पर भी केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
कांग्रेस नेता ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गए गांवों में हुए विकास कार्यों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि विकास कार्य हुए हैं तो उनकी जानकारी जनता के सामने रखी जानी चाहिए। साथ ही जिले में स्थापित नए उद्योगों, सृजित रोजगार और पलायन रोकने के लिए किए गए प्रयासों का भी हिसाब दिया जाना चाहिए।
पाठक ने कहा कि पलामू की जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर ठोस जवाब चाहती है। अब जनता केवल दावों और घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि विकास के वास्तविक परिणामों का मूल्यांकन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करती रहेगी।
ईश्वरी सिंह समीम अहमद राईन मिथलेश सिंह शैलेश चंद्रवंशी अजय साहू विद्या सिंह चेरो खुर्शीद आलम तुलसी पासवान ऊषा देवी शंकर पाण्डेय बिभूति पाठक मुकेश सिंह बिकेश तिवारी जितेंद्र पांडे यदि लोग उपस्थित हुए।