चोरों ने घर से उड़ाए 25 लाख के जेवर और नकदी, जमीन के कागजात भी गायब
गिरिडीह। नवडीहा ओपी क्षेत्र के चोरगता गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने मदन चौधरी के घर में चोरों ने जमकर तांडव मचाया है। चोरों ने मदन चौधरी के घर से करीब 25 लाख रुपये के जेवर और लगभग 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया है। घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं।
भुक्तभोगी परिवार के अनुसार गर्मी के मौसम में परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे कि तभी अंधेरे का लाभ उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जाता है कि जेवरों में मदन चौधरी की बहू और उनके दो बेटियों के गहने भी शामिल थे।
मदन चौधरी के बेटों का आरोप है कि चोरी की घटना में जेवरात और नगद के साथ जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात भी गायब हुए हैं। परिजन बता रहे हैं कि जमीन संबंधी विवाद 2007 से चल रहा था। परिवार ने संदिग्धों के तौर पर कुछ लोगों के नाम सीधे पुलिस को बताए हैं।
घटना के संबंध में जमुआ थाना और नवडीहा ओपी की टीम त्वरित तौर पर घटना स्थल पर पहुंची और प्रारंभिक जांच-पड़ताल की। मौके से साक्ष्य इकट्ठे करने और पड़ताल करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तकनीकी जांच तथा पड़ोसियों के बयान जुटाने का काम चल रहा है।
इस दौरान भुक्तभोगी परिवार ने बताया कहा “मेरे जीवन का सब कुछ चोरी हो गया”।
घटना के बाद मदन चौधरी के पूरे परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द चोरी गई वस्तुएं और कागजात बरामद कराए जाएं। परिवार ने कहा कि जमीन के कागजात चोरी होने से उन्हें जीवनभर की सुरक्षा खतरे में दिख रही है।
जमुआ थाना प्रभारी ने कहा, “घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। आरोपितों के बारे में लिखित शिकायत मिलते ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने आगे कहा कि कानूनी प्रक्रिया और साक्ष्यों के आधार पर ही गिरफ्तारी संभव है।
घटना के बाद चोरगता गांव में लोगों में चिंता और चौकसी बढ़ गई है। परिजन और गांववाले पुलिस से शीघ्र निष्कर्ष और बरामदगी की उम्मीद कर रहे हैं। प्रशासन ने इस घटना का जल्द उद्भेदन और इलाके में निगरानी बढ़ाने और मोबाइल पेट्रोलिंग तेज करने का आश्वासन दिया है।

