चिल्ड्रेन पार्क के तालाब में हजारों मछलियों की मौत, मछली पालक को लाखों का नुकसान

गिरिडीह। शहर के बीचों-बीच स्थित हुट्टी बाजार का शहीद सीताराम उपाध्याय चिल्ड्रेन पार्क इन दिनों एक दर्दनाक घटना को लेकर चर्चा में है। लोगों की सैर-सपाटे के बीच बसे तालाब में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर जहर डाल दिए जाने से करीब 3 क्विंटल मछलियां तड़प-तड़प कर म,र गईं। तालाब के किनारे बिखरी मृत मछलियों का दृश्य देखकर स्थानीय लोग भी स्तब्ध रह गए।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम ने मार्च 2025 में इस तालाब के लिए मछली पालन का टेंडर जारी किया था। इसके बाद स्थानीय युवक संदीप मल्लाह पूरे मेहनत और उम्मीद के साथ तालाब में मछलियों का पालन कर रहे थे। लेकिन बुधवार की सुबह जब वे तालाब पहुंचे तो पानी में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
संदीप मल्लाह ने अंदेशा जताया कि किसी ने साजिश के तहत तालाब में जहर डाल दिया, जिससे उनकी महीनों की मेहनत एक ही रात में बर्बाद हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना से उन्हें करीब 2 लाख 10 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मृ,त मछलियों को देख संदीप की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि मछली पालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी गरीब की मेहनत और उसकी उम्मीदों को इस तरह जहर देकर खत्म कर देना बेहद अमानवीय है। उन्होंने मत्स्य पालन करने वाले कृषक के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए उचित मुआवजे की मांग की है।

You may have missed