गिरिडीह में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बल, 101 रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति

गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत चल रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति और मानव संसाधन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, उपाधीक्षक सदर अस्पताल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
सिविल सर्जन डॉ. सिंह ने बैठक को बताया कि जिले के सदर अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में कुल 101 पद वर्तमान में रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि इन रिक्तियों को भरने के लिए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा विभिन्न पदों के लिए रोस्टर स्वीकृति एवं नियुक्ति प्रक्रियाएँ आगे बढ़ाई जा रही हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि एनएचएम के स्वीकृत 238 पदों का रोस्टर पुनः परीक्षण कर आवश्यक रोस्टर क्लियरेंस शीघ्रतापूर्वक प्राप्त किया जाए और रिक्त 101 पदों के लिए त्वरित नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध, पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए ताकि किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करने का आदेश दिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में यह भी बताया गया कि रिक्त पदों में एएनएम, स्टाफ नर्स, ब्लॉक डाटा मैनेजर, फार्मासिस्ट, न्यूट्रिशनल काउंसलर, एसटीएस, डीएमसी-एलटी सहित विभिन्न तकनीकी व प्रशासनिक पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्तियाँ होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण कार्यक्रम तथा अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर कार्यान्वयन में मदद मिलेगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय कायम रखते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और जनोन्मुख बनाने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ मिल सकें।