गिरिडीह में ओवरलोड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, जीटी रोड से 9 भारी वाहन जब्त
गिरिडीह। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर चलाये गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में बगोदर थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (जीटी रोड) पर सघन जांच अभियान चलाया। अभियान में कुल 9 भारी वाहनों को निर्धारित भार क्षमता से अधिक सामान लदे मिलने पर जब्त कर लिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस विशेष अभियान में वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, भार क्षमता, परमिट, फिटनेस, कर भुगतान तथा अन्य परिवहन मानकों की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहनों पर ओवरलोडिंग के स्पष्ट प्रमाण मिले, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन जब्त कर लिये गये।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिये गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं, बल्कि सड़कों और पुलों को भी नुकसान पहुँचाते हैं तथा दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त रामनिवास यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाये और ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेजों के परिचालन तथा अन्य उल्लंघनों के मामलों में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
जिला प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों, परिवहन संचालकों और चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों तथा यातायात नियमों का पालन करें और केवल वैध दस्तावेजों व निर्धारित भार क्षमता के अनुरूप ही वाहन चलायें।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से ऐसे जांच अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से चलाये जाते रहेंगे।

