गढ़वा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण, लोगों ने लिया हरियाली का संकल्प

स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक : एसडीओ
विश्व पर्यावरण दिवस पर जन जागरूकता रैली
गढ़वा । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शुक्रवार को पर्यावरण परिवार गढ़वा की ओर से जन जागरूकता रैली निकाली गई । रैली प्रातः 5:30 बजे नीलांबर पीतांबर नगर भवन के मैदान से प्रारंभ होकर रंका मोड पहुंची । कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय, समाजसेवी डॉक्टर पातंजली केशरी सहित अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे ।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एसडीओ संजय पांडेय ने कहा कि पर्यावरण संतुलन में झारखंड अग्रणी भूमिका निभा रहा है । जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण संरक्षण आवश्यक है । आज के कार्यक्रम में लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया है । इनकी कर्मकता और उत्साह से निश्चित ही शहर का कायाकल्प होगा ।
भाजपा नेता सह आर.पी. एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि के कारण जलवायु परिवर्तन के कारण देश अत्यधिक गर्मी और मौसम की चरम स्थितियों का सामना कर रहा है । ऐसे में प्राकृतिक संसाधन जल-वायु को बचाना हमारी प्राथमिकता है । वनों की कटाई पर रोक लगाने और पौधारोपण करना उपयुक्त विकल्प है । लगाए गए पौधों का संरक्षण कर हम हरियाली ला सकते हैं । व्यक्तिगत और संगठनात्मक रूप से काम कर पर्यावरण संरक्षण को गति दिया जा सकता है । उन्होंने कहा कि पॉलिथीन के प्रयोग से बचने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, कचड़े का सही प्रबंधन और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को अपनाने की जरूरत है ।
कार्यक्रम समापन के पूर्व डॉक्टर पातंजली केशरी के नेतृत्व में लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया । जिसमें जल और ऊर्जा का संरक्षण, फलदार और छायादार पौधारोपण करने, गंदगी नहीं फैलाने, हरियाली लाने के लिए लोगों को प्रेरित करने की वचनबद्धता दोहराई ।
मौके पर एकल अभियान के सचिव सियारामशरण वर्मा, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, कमलेश सिन्हा, उपाध्यक्ष अरुण मेहता, अभियान प्रमुख जितेंद्र यादव, महिला विकास समिति की मीना देवी, वीणा शर्मा, सरिता शर्मा, ललिता केशरी, मीणा केशरी, नितिन तिवारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।