डीजीपी तदाशा मिश्रा आज पलामू दौरे पर, कानून-व्यवस्था और नक्सल गतिविधियों की करेंगी समीक्षा

मेदिनीनगर। झारखंड पुलिस की शीर्ष अधिकारी और तदाशा मिश्रा आज पलामू दौरे पर पहुंचेंगी। उनके साथ राज्य पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। डीजीपी के आगमन को लेकर पलामू पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और पुलिस महकमे में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, डीजीपी के साथ एडीजी मनोज कौशिक, अभियान आईजी तथा पलामू जोन के आईजी नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। वहीं, समीक्षा बैठक में पलामू डीआईजी कौशल किशोर समेत जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भाग लेंगे।

दौरे के दौरान जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। बताया जा रहा है कि डीजीपी अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी।

बैठक में विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा रणनीति, अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति, लंबित अनुसंधानों के निष्पादन और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही विभिन्न थानों के कार्यों की समीक्षा करते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।

डीजीपी के दौरे को लेकर जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं से संबंधित रिपोर्ट तैयार की गई है, ताकि समीक्षा बैठक में जिले की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जा सके। पुलिस अधिकारियों के बीच इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई रणनीति और दिशा तय होने की उम्मीद है।