विश्व पर्यावरण दिवस पर गारू थाना परिसर में स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण
गारू। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गारू थाना परिसर में थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम के तहत पुलिसकर्मियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा आम लोगों को भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की अपील की।मौके पर पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए शुद्ध वायु और स्वच्छ वातावरण भी प्रदान करते हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।इस अवसर पर थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं कर्मी उपस्थित रहे।

