नवडीहा में मिनी नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 61 पेटी नकली शराब समेत भारी मात्रा में सामान जब्त
गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नवडीहा ओपी क्षेत्र में संचालित एक मिनी नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 61 पेटी तैयार नकली विदेशी शराब, स्प्रिट समेत भारी मात्रा में उपकरण और पैकेजिंग सामग्री बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नवडीहा ओपी अंतर्गत लेधवाराडीह गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक सुनसान आम बगीचे में बने कमरे में नकली विदेशी शराब का निर्माण किया जा रहा है। यहां तैयार की गई शराब को आसपास के जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार में भी सप्लाई किया जा रहा था।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) खोरीमहुआ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थल पर छापेमारी की और पूरे अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, इस अवैध कारोबार में कारू सिंह उर्फ आशुतोष सिंह, ललन सिंह, संजय सिंह तथा उनके अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आई है। छापेमारी के दौरान मौके से नकली शराब बनाने और पैकिंग करने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामान में शामिल हैं:
61 पेटी तैयार नकली विदेशी शराब
15 लीटर स्प्रिट
20 लीटर क्षमता वाली 7 खाली पानी की बोतलें
7 नीले रंग के गैलन
5 बोरा खाली शराब की बोतलें
200 खाली कार्टन
1 बोरा बोतलों के ढक्कन
500 लीटर क्षमता की पानी की टंकी
विभिन्न ब्रांडों के 500 नकली लेबल व स्टीकर
अल्कोहल मापने वाला मीटर
दो नल लगा स्टील ड्रम
पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया है और मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है। इस संबंध में नवडीहा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

