पांकी में बालू माफियाओं के हौसले बुलंद: अंचलाधिकारी के साथ बदसलूकी कर जबरन छुड़ा ले गए अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर
अधिकारि के साथ बदसलूकी व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला
पांकी क्षेत्र में बालू माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें कानून और प्रशासन का भी डर नहीं रह गया है। ताजा मामला पांकी के टइया का है, जहाँ अवैध बालू के खिलाफ बीते रात कार्रवाई करने गई प्रशासनिक टीम पर माफियाओं ने न सिर्फ धावा बोला, बल्कि पांकी अंचलाधिकारी राजीव कुमार के साथ बदसलूकी करते हुए जब्त किए गए दो ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ाकर फरार हो गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अंचलाधिकारी को क्षेत्र में अवैध बालू के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अंचलाधिकारी ने टइया गांव के समीप से मौके पर अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
जैसे ही ट्रैक्टरों को जब्त कर थान ले जाने की तैयारी की जा रही थी, वैसे ही बालू माफिया और उनके समर्थक एकजुट होकर वहाँ पहुँच गए। उन्होंने प्रशासनिक टीम को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार माफियाओं ने अधिकारियों के साथ बेहद अभद्र व्यवहार और बदसलूकी की। माहौल को तनावपूर्ण बनाते हुए वे अधिकारियों पर हावी हो गए और उनके विरोध को दरकिनार करते हुए जबरन दोनों ट्रैक्टरों को लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना के तत्काल बाद अंचलाधिकारी के द्वारा मामले की जानकारी पांकी पुलिस को दी गई है। वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

