यात्रियों की परेशानी पर रेलवे गंभीर, जल्द मिलेगा इंक्वायरी का मोबाइल नंबर
यात्रियों की परेशानी पर रेलवे गंभीर, जल्द मिलेगा इंक्वायरी का मोबाइल नंबर
मधुपुर रेलवे स्टेशन का इंक्वायरी लैंडलाइन नंबर लंबे समय से खराब रहने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ट्रेन की स्थिति, प्लेटफॉर्म, लेटलतीफी और रद्दीकरण जैसी जरूरी जानकारी के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं, दिव्यांगजन और दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को काफी मुश्किल हो रही थी।
इस मामले को लेकर गिरिडीह के सामाजिक कार्यकर्ता एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने 13 मई 2026 को रेलवे में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि डिजिटल दौर में सिर्फ एक लैंडलाइन नंबर पर निर्भर रहना यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। तकनीकी खराबी होने पर यात्रियों के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बचती।
शिकायत में मांग की गई थी कि खराब लैंडलाइन नंबर को जल्द ठीक कराया जाए, मधुपुर रेलवे इंक्वायरी के लिए अलग से मोबाइल नंबर जारी हो, व्हाट्सएप सुविधा उपलब्ध कराई जाए और स्टेशन पर अद्यतन संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाएं।
रेलवे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया है कि मधुपुर रेलवे इंक्वायरी के लिए जल्द ही एक समर्पित मोबाइल नंबर जारी किया जाएगा। पूर्व रेलवे, आसनसोल मंडल के वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलीकॉम इंजीनियर की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
रेलवे के इस फैसले से हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक लोग 139 पर कॉल कर जानकारी लेने को मजबूर थे, जहां स्थानीय स्टेशन की सटीक जानकारी नहीं मिल पाती थी। मोबाइल नंबर जारी होने के बाद यात्रियों को सीधे मधुपुर स्टेशन से संपर्क करने की सुविधा मिल सकेगी।
सुनील खंडेलवाल ने रेलवे के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इंक्वायरी सेवा यात्रियों की बुनियादी जरूरत है और इसे 24×7 प्रभावी तरीके से संचालित किया जाना चाहिए।
फिलहाल रेलवे पोर्टल पर शिकायत को ‘केस क्लोज्ड’ दिखाया गया है, लेकिन यात्रियों की नजर अब इस बात पर है कि रेलवे अपना वादा कब तक पूरा करता है।

