महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार हस्ताक्षर अभियान, केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

गुमला – पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा सिसई रोड स्थित बड़ाइक पेट्रोल पंप के समीप हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा के नेतृत्व में किया गया।

अभियान में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ जिला कांग्रेस कमिटी, नगर कमिटी, प्रखंड कांग्रेस गुमला, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से हस्ताक्षर कर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में लगातार वृद्धि से आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई ने गरीब, मजदूर, किसान, छात्र और मध्यम वर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस से लेकर खाद्य सामग्री तक हर आवश्यक वस्तु की कीमत आसमान छू रही है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों से बेपरवाह बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम लोगों की आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की भावनाओं और आक्रोश को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में आशिक अंसारी, ए.एच. अख्तर, रोहित उरांव, मनीष हिंदुस्तान, मानिकचंद साहू, शाहिद वारसी, गुलाम सरवर, जय सिंह, डॉ. चंद्रकिशोर केरकेट्टा, संजीव मलानी, अभिषेक सोरेंग, पंचम वुलुंग, सीता देवी, एजाज अहमद, फिरोज आलम, शाहजहां अंसारी, अमृता भगत, मो. चांद मंजर, साहेब वसीम, अभिषेक गुप्ता, रोहित गुप्ता तथा सगीर आलम उर्फ बबलू गणेश राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।