गिरिडीह नगर निगम बोर्ड बैठक में विकास और जनसमस्याओं पर मंथन

गिरिडीह नगर निगम में सोमवार को बोर्ड की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेयर प्रमिला मेहरा ने की। बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, उपमहापौर सुमित कुमार, उप नगर आयुक्त प्रशांत लायक समेत कई वार्ड पार्षद मौजूद रहे। बैठक में निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, पानी, बिजली, सड़क, साफ-सफाई और अन्य जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नगर निगम की आय बढ़ाने के उपायों पर भी मंथन हुआ। बैठक में कुछ वार्ड पार्षदों के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई गई। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह बैठक सिर्फ कॉलम पूरा करने के लिए नहीं है, बल्कि निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों से जुड़ी हर समस्या के समाधान के लिए होती है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।