राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने गांडेय में लोगों से की मुलाकात, सौहार्द बनाए रखने की अपील
राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने रविवार को गांडेय प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की। शिबुआडीह-अर्जुनबाद गांव में झामुमो युवा नेता हफिज अंसारी के आवास पहुंचकर उन्होंने आगामी कुर्बानी पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
इसके बाद सांसद कोरियाद गांव पहुंचे, जहां उन्होंने फूलझरिया पंचायत के मुखिया के पिता इब्राहिम अंसारी का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्याएं सांसद के सामने रखीं।
डॉ. सरफराज अहमद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और हरसंभव पहल की जाएगी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया।

