मेराल थाना में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक, भाईचारा बनाए रखने की अपील

मेराल थाना परिसर में रविवार को बकरीद पर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी बिष्णु कांत ने किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्ध लोगों ने पर्व के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों से प्रभारी बीडीओ सह सीओ यशवंत नायक ने कहा कि मेराल क्षेत्र में वर्षों से हिन्दू और मुस्लिम समुदाय मिलजुल कर सभी पर्व त्यौहार मनाते आए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कुर्बानी अपने भीतर छिपे अहंकार और बुराइयों को त्याग करना है।
थाना प्रभारी बिष्णु कांत ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए समाज के प्रबुद्ध लोग चौक-चौराहों पर राहगीरों के लिए पेयजल की व्यवस्था करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने युवाओं से समाज में शांति, भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत करने में आगे आने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि डॉक्टर लालमोहन ने कहा कि पर्व त्यौहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए आपसी भाईचारा को कायम रखें, उन्होंने कहा कि बकरीद केवल कुर्बानी का पर्व नहीं है बल्कि त्याग संपर्ण और मानवता को संदेश देने वाला पर्व है। जिला परिषद प्रतिनिधि सह राजद के कार्यकारी जिला अध्यक्ष करीब अंसारी ने कहा कि कुर्बानी का वास्तविक अर्थ त्याग और अल्लाह के प्रति सच्ची समर्पण है। लोगों को अपने भीतर की बुराइयों, घृणा और अहंकार का त्याग कर समाज में प्रेम और सद्भाव का संदेश देना चाहिए। इस अवसर पर उप प्रमुख निजामुद्दीन खां, सांसद प्रतिनिधि विजय प्रसाद , झामुमो नेता अतहर अली अंसारी,संजय भगत, मुखिया रामसागर महतो ने भी मिलजुलकर बकरीद त्योहार मनाने की बात कही।
बैठक में शंभू प्रसाद, रमाकांत गुप्ता जफीर अंसारी, जहूर रंगसाज, मुखिया अजीज अंसारी, मंदीप सिंह, उप मुखिया रमजान अंसारी, नसीम अंसारी ,मुखिया प्रतिनिधि हरेंद्र चौधरी, रवींद्र गुप्ता, धर्मराज राम, विजय सिंह, कलाम खान, वाजूदीन अंसारी, दिलीप मेहता, राजकुमार महतो, परशुराम कुशवाहा, शिवकुमार चौधरी विनय ठाकुर पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।