भीषण गर्मी में पुलिस की सराहनीय पहल, किशुनपुर पिकेट के पास लगाया गया शुद्ध पेयजल पंशाला
पाटन(पलामू): भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच आम नागरिकों एवं राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से किशुनपुर पिकेट प्रभारी रंजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में किशुनपुर पिकेट गेट के पास तथा किशुनपुर बाजार में शुद्ध पेयजल के लिए पंशाला की व्यवस्था की गई है।
इस पहल के तहत राहगीरों, बाजार आने-जाने वाले लोगों एवं स्थानीय नागरिकों को ठंडा और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। मौके पर किशुनपुर पिकेट के एएसआई प्रभात किरण सहित पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करते दिखे।
पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि भीषण गर्मी में इस प्रकार की व्यवस्था काफी राहत देने वाली है और पुलिस का यह कार्य समाज के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
पिकेट प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा और जनहित के कार्यों में भी हमेशा आगे रहती है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, ताकि राहगीरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

