ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बंद रहीं मेडिकल दुकानें
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में आज बंद रहीं मेडिकल दुकानें
केतार: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में गुरुवार को गढ़वा जिले सहित केतार प्रखंड की अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहीं। दवा दुकानदारों ने ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था को छोटे व्यवसायियों के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसका विरोध जताया। दुकानें बंद रहने से दिनभर मरीजों एवं उनके परिजनों को दवा खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दवा व्यवसायियों का कहना है कि ऑनलाइन दवा बिक्री से स्थानीय मेडिकल दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है। साथ ही बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा उपलब्ध होने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। व्यवसायियों ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू करने की मांग की।
केतार मेन रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में मेडिकल दुकानें बंद रहने से बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। दवा दुकानदारों ने एकजुट होकर अपने समर्थन में विरोध प्रदर्शन भी किया और कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।

