धनवार में ग्रामीणों ने पकड़ा पीडीएस अनाज से भरा संदिग्ध टेम्पो, कालाबाजारी का आरोप
गिरिडीह। जिले के धनवार प्रखंड के डोरंडा पंचायत स्थित लहरियाटांड में बुधवार देर रात करीब 10:30 बजे जन वितरण प्रणाली (PDS) के अनाज से भरा एक संदिग्ध टेम्पो ग्रामीणों के हाथों पकड़ा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह राशन कालाबाज़ारी के इरादे से बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही टेम्पो को रोककर चालक से दस्तावेज मांगे गए तो गाड़ी में कोई वैध चालान, अनुमति पत्र या अन्य सरकारी दस्तावेज मौजूद नहीं थे। ग्रामीणों का कहना है कि पकड़े गए अनाज की डीलरशिप नूर मोहम्मद गौसिया समूह से जुड़ी हुई है और लंबे समय से यही गिरोह गरीबों का राशन काटकर बचा हुआ अनाज काला बाज़ार में बेचता आ रहा है।
घटना के सूचना मिलने पर घोड़थम्बा ओपी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ओपी प्रभारी (छोटा बाबू) के नेतृत्व में टेम्पो को जब्त कर चालक को थाने ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपों की सत्यता की जांच की जाएगी।
ग्रामीणों ने ब्लॉक आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच व दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर मामले पर शीघ्र और कड़ा कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन पर उतर आएंगे। एक ग्रामीण ने कहा, “गरीबों का हक खाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।”

