भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहराया, 10 हजार लोग पानी के लिए परेशान
भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप के बीच महेशलुण्डी, करहरबारी और अकदोनीकला पंचायत के लोगों के लिए पानी के इंतजाम ध्वस्त हो गए हैं। बदडीहा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का मोटर पिछले पाँच दिनों से खराब पड़ा है, जबकि कोल इंडिया लिमिटेड (सीसीएल) की पानी सप्लाई पिछले 20 दिनों से बंद है। इन दोहरी आपत्तियों ने करीब दस हजार से अधिक लोगों को पेयजल के लिए त्राहि-त्राहि कर दिया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि दिन भर लोगों को पानी के लिये इधर-उधर भटकना पड़ता है। वृद्ध और बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई घरों की निजी बोरिंग और कुएँ भी गर्मी के लगातार बढ़ते तापमान के चलते सूख चुके हैं। इससे न केवल निर्धन बल्कि संपन्न परिवारों को भी पीने के पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि पानी के लिए हाहाकार मचाए जा रहे वहीँ पंचायत क्षेत्र में गिरिडीह समाहरणालय स्थित है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर राहत सुनिश्चित करनी चाहिए। स्थानीय नेतृत्व व ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जल्द मरम्मत और आपातकालीन पानी वितरण की मांग की है।

