अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ संयुक्त छापेमारी, तीन ट्रैक्टर जब्त
अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ संयुक्त छापेमारी, तीन ट्रैक्टर जब्त
सीताराम सोनी/पाटन
पाटन(पलामू): पाटन प्रखंड के नावा जयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसांबार गांव में बुधवार की भोर करीब 4:00 बजे अवैध बालू परिवहन के खिलाफ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई खानन निरीक्षक पलामू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह पुलिस उपाधीक्षक सदर मेदिनीनगर तथा थाना प्रभारी नावाजयपुर के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध रूप से बालू ढुलाई करते हुए तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इनमें दो ट्रैक्टर सड़क मार्ग से बालू लादकर ले जाए जा रहे थे, जबकि एक ट्रैक्टर नदी से बालू का उठाव करते पकड़ा गया।
अधिकारियों ने तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर नावाजयपुर थाना लाया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



