भरनो में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों को मिला बकरी वितरण

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत भरनो में प्रमुख द्वारा लाभुकों के बीच किया गया बकरी वितरण।

भरनो (गुमला):- प्रखंड परिसर में मंगलवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशुपालन विभाग द्वारा चयनित लाभुकों के बीच बकरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान प्रखंड प्रमुख पारसनाथ उरांव एवं प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी मनोज झा ने अलग-अलग गांवों से चयनित पांच लाभुकों को 8-8 बकरी एवं 2-2 बकरा प्रदान किया।मौके पर प्रमुख पारसनाथ उरांव ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।उन्होंने लाभुकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग योजना का सही तरीके से लाभ उठाएं और बकरियों का बेहतर ढंग से पालन-पोषण करें।उन्होंने कहा कि यदि लाभुक वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करेंगे तो आने वाले समय में बकरियों की संख्या बढ़ाकर अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं तथा आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं।प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी मनोज झा ने लाभुकों को पशुपालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां देते हुए बताया कि बकरियों के स्वास्थ्य,खान-पान एवं टीकाकरण पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीणों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है,ताकि लोग स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें।उन्होंने लाभुकों से बकरियों की नियमित देखभाल करने और विभाग से समय-समय पर सलाह लेने की भी बात कही।कार्यक्रम के दौरान लाभुकों में उत्साह का माहौल देखा गया।लाभुकों ने सरकार एवं पशुपालन विभाग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें रोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।मौके पर विभागीय कर्मी एवं लाभुक ग्रामीण मौजूद थे।