मुख्यमंत्री के निर्देश पर अनाथ बच्चों से मिलने सुदूरवर्ती गांव एकौनी पहुंचे उपायुक्त
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अनाथ बच्चों से मिलने सुदूरवर्ती गांव एकौनी पहुंचे उपायुक्त
बच्चों का हाल जाना, योजनाओं से जोड़ने का दिया निर्देश, कहा — “जब भी जरूरत हो, मुझे फोन करना”
पलामू जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली एक बार फिर सामने आयी, जब शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत स्वयं जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर हुसैनाबाद प्रखंड के लोटनिया पंचायत अंतर्गत एकौनी गांव पहुंचे और वहां रहने वाले तीन अनाथ बच्चों से मुलाकात की।
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक व्यक्ति द्वारा जानकारी दी गयी थी कि एकौनी गांव में तीन छोटे बच्चे अपने माता-पिता को खो चुके हैं तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने X प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही पलामू उपायुक्त को बच्चों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के तुरंत बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और आज स्वयं गांव पहुंचकर बच्चों एवं उनके परिजनों से संवाद किया। इस दौरान उनके साथ हुसैनाबाद एसडीओ, बीडीओ एवं सीओ भी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं, पारिवारिक स्थिति एवं भविष्य को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने तथा पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही राशन कार्ड में दो बच्चों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने को कहा।बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में पहल करते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि भविष्य में रजिस्ट्री डीड के माध्यम से बच्चों को उनकी पैतृक संपत्ति में विधिवत हिस्सेदारी सुनिश्चित करायी जाये।
मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए उपायुक्त ने बच्चों को अपना मोबाइल नंबर भी दिया और कहा,
“जब भी किसी चीज की जरूरत लगे या कोई परेशानी हो, सीधे मुझे फोन करना।”


